Friday, September 20, 2024

MP News: सीएम शिवराज ने केवट समाज को साधने के लिए किए ये वादे

भोपाल। मुख्यमंत्री निवास पर केवट जयंती कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सोमवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि सरकारी तालाब और जल संरचनाओं पर पहला हक मछुआरों का है।

सीएम शिवराज ने क्या कहा?

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भगवान श्रीराम और मैया सीता को निषादराज केवट ने गंगा पार लगाया था। केवट की श्रीराम के प्रति असीम श्रद्धा और भक्ति थी। निषादराज भारतीय समाज के लिए भगवान से कम नहीं है। सरकारी तालाब और जल संरचनाओं पर पहला हक मछुआरों का है। केवट समाज की प्रगति, विकास और उन्नति में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि केवट जयंती पर समाज के लोगों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि केवट समाज सरल, मेहनती और साहसी समाज है। केवट समाज ने आजादी की लड़ाई में अंग्रेजों को धूल चटा दी थी।

सीएम- केवट बहुलता इलाके में बनेगी निषादराज की मूर्ति

मुख्यमंत्री ने कहा कि शासकीय तालाब और जल-संरचनाओं पर पहला हक मछुआरों का है। दबंगों से तालाबों का कब्जा वापस लेकर मछुआरों को दिया जाएगा। प्रदेश में अभियान चला कर केवट समाज को कब्जा देने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि समिति बना कर शासकीय सेवा के लिए जाति प्रमाण-पत्र की विसंगति दूर करेंगे। शासकीय सेवा में जो कर्मचारी हैं, उन्हें सेवा से बाहर नहीं किया जाएगा। जहां केवट समाज की बहुलता है वहां निषादराज स्मारक, भवन बनाएंगे और मूर्तियां भी लगाई जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवट समाज के युवाओं को परम्परागत व्यवसाय के अलावा दूसरे व्यवसायों में भी आगे आने की कोशिश करनी चाहिए। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना में काम-धंधे के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई भी हिन्दी में की जा रही है, जिससे हमारे बच्चे अंग्रेजी की वजह से पीछे न रह जाएं। सरकारी स्कूलों के बच्चों के लिए मेडिकल की सीटों में 5 प्रतिशत सीट्स रिजर्व कर दी गई हैं।

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने क्या कहा

जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने कहा कि आज का दिन पवित्र अवसर है कि मुख्यमंत्री निवास पर केवट जयंती मनाई जा रही है। केवट जयंती विकास और प्रगति में नींव का पत्थर साबित होगी। मुख्यमंत्री केवट समाज का गौरव बढ़ाने, प्रगति और विकास के लिए लगातार काम कर रहे हैं। मत्स्य-पालन विभाग पूरे देश में कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। इसका श्रेय मुख्यमंत्री और केवट समाज के नागरिकों को जाता है। पूरे प्रदेश में तेजी से मछुआ क्रेडिट कार्ड बन रहे हैं। समाज के विकास के लिए कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री चौहान के नेतृत्व में सरकार आपके साथ खड़ी है। हालांकि चुनावी साल में प्रदेश सरकार बड़े-बड़े वादे तो कर रही है, लेकिन अब देखना यह है कि क्या सरकार अपने किए सभी वादों पर खरी उतर पाएगी या सरकार वोट बैंक के लिए अलग-अलग समाज को साधने के लिए लालच दे रही है.

Latest news
Related news