Sunday, May 10, 2026

MP Politics: अर्जुन सिंह ककोड़िया का विवादित बयान- अमृत होशियार लोग पी गए और जहर शिव जी ने पिया !

भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं ने अपनी-अपनी तैयारियां शुरू कर दी है। मध्यप्रदेश के विधानसभा चुनाव में इस बार बीजेपी-कांग्रेस का फोकस आदिवासी वोटर पर है। विधानसभा चुनाव में आदिवासी वोटर्स को साधने के लिए दोनों ही पार्टी प्रयास कर रही हैं। लेकिन कांग्रेस विधायक ने आदिवासियों की तुलना भगवान शंकर से की है। राजनीति में राम और हनुमान के बाद अब भगवान शंकर की भी एंट्री हो गई है। सिवनी जिले की बरघाट विधानसभा सीट से कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह ककोड़िया ने कहा कि भगवान शिव शंकर आदिवासी थे।

ककोड़िया ने आदिवासी वर्ग को साधा

आदिवासी वर्ग के वोटर को लुभाने के लिए अर्जुन सिंह ककोड़िया ने भगवान शिव का सहारा लिया है। कांग्रेस विधायक के विवादित बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इस वायरल वीडियो में लोग तरह-तरह की प्रतिक्रिया दे रहे हैं।

विधायक ककोड़िया ने क्या बयान दिया?

आदिवासी समाज के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह ककोड़िया ने कहा कि समुद्र मंथन हुआ। अमृत और जहर दोनों निकला। अमृत तो होशियार लोग पी गए। लेकिन जहर किसने पिया, हिमालय में रहने वाले हमारे एक आदिवासी शिव ने। विधायक ने कहा कि भोले भंडारी ने जहर को पिया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव शंकर आदिवासी हैं। साथ ही कहा कि भोले-भंडारी हम किसको कहते हैं वो एक आदिवासी थे। विधायक के इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कुछ दिन पहले डांस का वीडियो हुआ था वायरल

बता दें कि कांग्रेस विधायक अर्जुन सिंह ककोड़िया का हाल ही में डांस करने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। अर्जुन सिंह काकोड़िया आदिवासी नेता हैं। वो अपने बयानों को लेकर अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। इससे पहले विधायक बजरंगबली को आदिवासी बता चुके हैं। अर्जुन सिंह ककोड़िया बीजेपी सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर रहते हैं।

Latest news
Related news